मावली में हथियारबंद चोरों का आतंक, एक दर्जन से ज्यादा मकानों के ताले टूटे

मावली। नगरपालिका चुनाव की आचार संहिता के बीच मावली नगर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। उदयपुर रोड स्थित बालाजी विहार और रेलवे कॉलोनी मोहल्ले में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने कई मकानों को निशाना बनाया। बदमाशों ने करीब एक दर्जन से अधिक मकानों के ताले तोड़कर पुलिस निगरानी व्यवस्था को चुनौती दी।

जानकारी के अनुसार चोरों ने संतोष वैष्णव, दिनेश पालीवाल, भरत वैष्णव, पवन कुमार और मोहन सिंह सहित कई लोगों के मकानों के ताले तोड़े। पवन कुमार के मकान से करीब 50 हजार रुपये नकद और एक तोला सोना चोरी होने की जानकारी सामने आई है। मामले की रिपोर्ट थाने में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

वहीं राधेश्याम वैष्णव के मकान का भी ताला टूटा मिला। उनका परिवार वर्तमान में गुजरात में रह रहा है, जिसके चलते मकान बंद था।

भरत वैष्णव के अनुसार, चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में चार संदिग्ध बदमाश नजर आ रहे हैं, जिनमें से एक के हाथ में हथियार दिखाई देने की बात कही जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में और अधिक भय का माहौल है।

इधर, चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे संतोष वैष्णव ने आरोप लगाया कि दूसरे दिन सुबह तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि पुलिस की ओर से मामले में जांच जारी है।

नगरपालिका चुनाव की आचार संहिता के बीच एक साथ कई मकानों में चोरी की वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Spread the love