मावली। नगर पालिका क्षेत्र के गारियावास में मकान निर्माण को लेकर नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगस्त 2025 में निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया गया था, इसके बावजूद चुनावी आचार संहिता के दौरान भी निर्माण कार्य जारी रहा।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, चुनावी व्यस्तता के बीच निर्माण कार्य तेजी से चलता रहा। मौके की तस्वीरों में भी निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत का काम जारी दिखाई दे रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नोटिस जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य कैसे चलता रहा और संबंधित अधिकारियों की ओर से समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
मामले को लेकर मावली नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रवीण बंसल ने कहा कि मौके पर जाकर निर्माण की स्थिति देखी जाएगी। उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुसार काम रुकवाकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब देखने वाली बात यह होगी कि मौके की जांच के बाद नगर पालिका क्या कार्रवाई करती है और नोटिस के बावजूद निर्माण जारी रहने के मामले में जिम्मेदारी किसकी तय होती है।
