प्रेमिका ने बात बंद की तो प्रेमी ने किया हमला, फिर खुद को किया घायल

उदयपुर। अंबामाता थाना क्षेत्र की खारोल कॉलोनी में शुक्रवार रात प्रेम प्रसंग से जुड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रेमिका द्वारा पिछले कुछ दिनों से फोन पर बात नहीं करने से नाराज एक युवक उसके घर पहुंचा और चाकू से हमला कर दिया। घटना में प्रेमिका, उसकी मां और आरोपी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, खारोल कॉलोनी निवासी तुलसी मेघवाल का राजसमंद के डबुन सलोदा निवासी दिनेश सिंह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से तुलसी ने दिनेश के फोन उठाना बंद कर दिया था। इससे नाराज होकर दिनेश शुक्रवार रात उदयपुर पहुंचा और तुलसी के कमरे में चला गया।

उस समय कमरे में तुलसी के साथ उसकी मां पुष्पा और भाई चंपालाल भी मौजूद थे। आरोप है कि दिनेश ने चाकू से तीनों पर हमला कर दिया। हमले में तुलसी के हाथ की अंगुलियों, सिर, गाल, गर्दन, गले और कलाई पर चोटें आईं। उसकी मां और भाई को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। इसी दौरान उसने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया और कुछ दूरी पर जाकर गिर गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया। तुलसी और दिनेश का उपचार जारी है, जबकि दिनेश की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वारदात के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Spread the love