खरसान गांव में पैंथर के दो शावकों का आतंक, बछड़े का शिकार करने से ग्रामीणों में दहशत,

वल्लभनगर, 15 जून। वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के खरसान गांव में पिछले कई दिनों से पैंथर के दो शावकों का लगातार मूवमेंट देखा जा रहा है। गांव के आसपास तथा खेतों की ओर उनकी आवाजाही से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। बीती रात इन शावकों ने गांव निवासी मोतीलाल पुरोहित के बछड़े पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि पैंथर शावकों की मौजूदगी की सूचना पूर्व में भी वन विभाग को दी गई थी तथा घटना के बाद पुनः विभाग को अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। शावकों का लगातार आबादी क्षेत्र और खेतों के आसपास घूमना लोगों और पशुधन दोनों के लिए खतरा बनता जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वन विभाग ने आवश्यक कदम नहीं उठाए तो अन्य पशुओं पर भी हमले हो सकते हैं। साथ ही किसी अप्रिय घटना अथवा जनहानि की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर क्षेत्र का सर्वे कराने तथा पैंथर शावकों को सुरक्षित रूप से पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ने की मांग की है।

घटना के बाद गांव में भय का वातावरण है। ग्रामीण अपने पशुओं की निगरानी बढ़ाने को मजबूर हैं तथा बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी बच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप कर गांववासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की लापरवाही भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए विभाग को गंभीरता दिखाते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

Spread the love