ऋषभदेव में फैक्ट्री में चोरी का पर्दाफाश, दो महिलाओं सहित चार आरोपी गिरफ्तार, तांबे की केबल और लोहे का सामान बरामद

उदयपुर। जिले की ऋषभदेव थाना पुलिस ने एक फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो महिलाओं सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी हेमंत अहारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-48 पर कल्लाजी मंदिर के पास स्थित ‘अशोक भाणावत मार्बल्स प्राइवेट लिमिटेड’ फैक्ट्री के मालिक अविनाश भाणावत ने 16 दिसंबर को चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 12 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री में घुसकर तांबे की केबल, भारी लोहे का सामान, गन मेटल और इन्वर्टर आदि चोरी कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजीव राहर के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए लीला देवी, गंगा, सुनील और जीगर को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में से दो महिलाएं खेरवाड़ा और डबोक क्षेत्र की रहने वाली हैं, जो वर्तमान में ऋषभदेव इलाके में रह रही थीं। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Spread the love