ओड़ा अंडरपास के पास मिला महिला का शव, आधार कार्ड से हुई पहचान

कुम्भलगढ़। केलवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उदयपुर-केलवाड़ा सड़क मार्ग पर ओड़ा गांव के पास एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला का शव अंडरपास की पुलिया के नीचे सेफ्टी वॉल के पास पड़ा मिला। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस को घटनास्थल पर पुलिया की दीवार के पास कपड़ों से भरी एक थैली बरामद हुई। थैली में रखे आधार कार्ड की जांच करने पर मृतका की पहचान 45 वर्षीय लीला देवी पत्नी हरिनाथ, निवासी खमनौर के रूप में हुई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल मृतका के परिजनों को सूचना दी।

थानाधिकारी मनमंत सिंह ने बताया कि घटनास्थल की पूरी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई गई है। इसके पश्चात शव को केलवाड़ा सीएचसी (CHC) ले जाया गया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल मृत्यु के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में वहां पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई।

Spread the love