गाजर से भरे ट्रक ने ली पति-पत्नी की जान, कार चकनाचूर; दोस्त की शादी से लौट रहे थे घर

जोधपुर। जोधपुर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक हंसते-खेलते नवविवाहित जोड़े की दर्दनाक मौत हो गई। गाजर से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने इको कार को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि कार पूरी तरह से पिचक गई और उसमें सवार पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। यह दंपति जोधपुर में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के बाद अपने घर ओसियां लौट रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

एएसआई बंशीलाल ने बताया कि हादसा जोधपुर के मथानिया क्षेत्र में देर रात लगभग दो बजे उम्मेद नगर के पास स्टेट हाईवे पर हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले दंपति की पहचान ओसियां निवासी जितेंद्र सोनी माहेश्वरी (32) और उनकी पत्नी पायल चांडक (30) के रूप में हुई है। दोनों ने करीब 5 साल पहले लव मैरिज की थी और उनके एक बेटा और एक बेटी है। जितेंद्र सूरत में साड़ियों की बिक्री का एजेंट का काम करते थे और पायल गृहणी थीं।

पायल अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए पति के साथ जोधपुर आई थीं। मंगलवार देर रात वे वापस ओसियां के लिए कार से रवाना हुए, लेकिन ओसियां पहुंचने से पहले ही देर रात 2 बजे के करीब यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को मथानिया के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग वहां पहुंचे, जहां गमगीन माहौल में परिजनों ने बड़ा निर्णय लेते हुए दोनों मृतकों की आंखों को दान किया। इस दुखद हादसे ने उस वक्त परिवार को गहरा सदमा दिया जब 11 दिसंबर को पायल के ताऊ के लड़के की भी ओसियां में शादी होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।

Spread the love