सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक आयोजित

जनकल्याण एवं विकास सर्वोच्च प्राथमिकता, केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे – सांसद महिमा कुमारी मेवाड़

पेयजल, सड़क, कानून व्यवस्था, सफाई एवं फसल बीमा सहित विभिन्न विषयों पर दिए आवश्यक निर्देश

जिला ब्यावर की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों, विधायकों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। विभिन्न केंद्रीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक की शुरुआत गत दिशा समिति बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा से हुई। इस दौरान ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण, पंचायत राज, पशुपालन, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, श्रम एवं रोजगार, खेल, सामाजिक न्याय तथा सड़क परिवहन सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के विक्रय को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा स्थानीय उत्पादों को अधिकाधिक बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए पात्र किसानों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया।
अतिक्रमण के मामलों में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित टेंडर एवं ठेकेदारों की जानकारी सार्वजनिक करने को कहा।

सांसद ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने नकली घी, पनीर एवं खाद्य तेल के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने, गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पेयजल संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने पर भी विशेष बल दिया गया।

सांसद ने वर्तमान में आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के दौरान जनकल्याण से जुड़े कार्यों का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर अधिकारी तत्काल कार्रवाई करें और आमजन से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ समय पर समाधान करें। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में जिला कलक्टर श्री कमल राम मीना ने सांसद एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बैठक में ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह कानावत, जिला कलक्टर श्री कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, अजमेर श्री रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, समिति के सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love