
जैसलमेर। जैसलमेर के मोहनगढ़ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां एक कलयुगी पोते ने अपनी लग्जरी लाइफ की चाहत पूरी करने के लिए अपने ही दादा-दादी को मौत के घाट उतार दिया। आरोपी सुरेश को पता था कि बुजुर्ग दंपती निसंतान हैं और घर में अकेले रहते हैं, इसी का फायदा उठाकर उसने अपने दोस्त योगेश के साथ मिलकर लूट और हत्या की इस सनसनीखेज साजिश को अंजाम दिया। शुक्रवार रात नशे में धुत होकर पहुंचे इन आरोपियों ने सोते हुए बुजुर्ग के गले से सोने का लॉकेट छीनने की कोशिश की, लेकिन नींद खुलते ही पहचान उजागर होने के डर से दोनों ने मिलकर बारी-बारी से दोनों बुजुर्गों का गला घोंट दिया।
वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब मृतका के पैरों से चांदी के भारी कड़े नहीं निकले, तो आरोपियों ने आरी से उन्हें काटकर निकाला। शनिवार सुबह जब दंपती का भांजा घर पहुंचा तो आंगन में बुजुर्ग और कमरे में महिला का शव देखकर उसके होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे ने तत्काल 50 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की, जिसने मोबाइल लोकेशन के आधार पर महज 6 घंटे के भीतर दोनों हत्यारों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुरेश की नहरी इलाके में मीट की दुकान है, लेकिन वह कम समय में अमीर बनने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए अपराध की राह पर निकल पड़ा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से लूटे गए जेवर बरामद करने में जुटी है।
