एमबी हॉस्पिटल में लुटेरा गिरोह सक्रिय, एक ही दिन में दो वृद्ध महिलाओं से गहने लूटे — पुलिस पर उठे सवाल

लखन शर्मा@pal pal rajasthan

उदयपुर शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमबी हॉस्पिटल परिसर में एक गिरोह खुलेआम वृद्ध महिलाओं को बहला-फुसलाकर उनके गहने उतरवा रहा है। सोमवार को एक ही दिन में दो अलग-अलग वृद्ध महिलाओं से गहने लूटने की घटनाएं सामने आईं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।पहली घटना कालाजी गोराजी निवासी 78 वर्षीय धापू बाई के साथ हुई। पीड़िता ने हाथीपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, धापू बाई अपनी बहू सीमा के साथ कमर दर्द की जांच के लिए एमबी हॉस्पिटल आई थीं। लाइन लंबी होने के कारण बहू उन्हें वहीं छोड़कर घर चली गई। इसी दौरान एक अज्ञात महिला उनके पास आई और कहा कि “दवाई के 9500 रुपये खाते में आएंगे, इसके लिए फॉर्म भरना पड़ेगा।” महिला के झांसे में आकर धापू बाई उसके साथ ऑटो में बैठ गईं। वह महिला उन्हें शहर के कई इलाकों में घुमाती रही और फिर यह कहकर कि “आगे चेकिंग चल रही है,” धापू बाई से सोने की चेन, टॉप्स और पेंडल उतरवा लिए। इसके बाद वह महिला रफूचक्कर हो गई।दूसरी घटना बिछड़ी निवासी वृद्धा मनभर बाई के साथ एमबी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग के बाहर हुई। वह इलाज के इंतजार में बाहर बैठी थीं, तभी दो युवक आए और खुद को जांच अधिकारी बताते हुए चेकिंग के नाम पर उनके गहने उतरवा लिए और मौका पाकर फरार हो गए। एक ही दिन में दो वृद्ध महिलाओं से इस तरह गहनों की ठगी होना पुलिस की सतर्कता और अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। एमबी हॉस्पिटल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर लगातार अपराध होना दर्शाता है कि पुलिस और प्रशासन की निगरानी में गंभीर खामियां हैं। शहरवासियों की मांग है कि अस्पताल परिसर में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी हो, और इन घटनाओं के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस किसी भी आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है। मामले की जांच जारी है।

Spread the love