हाईवे के होटल शिव कृपा जम्मू हरियाणा हिमाचल पंजाबी ढाबा में पुलिस का छापा, काउंटर के नीचे से मिला मौत का सामान: मालिक गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर ‘शिव कृपा जम्मू हरियाणा हिमाचल पंजाबी ढाबा’ की आड़ में चल रहे नशे के काले कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हाईवे पर सफर करने वाले मुसाफिरों को खाना खिलाने वाले इस ढाबे के काउंटर के नीचे से पुलिस ने अफीम और डोडा चूरा बरामद किया है। मंगलवाड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढाबे पर अवैध रूप से नशा बेचा जा रहा है, जिस पर पुलिस की टीम ने डॉग स्क्वॉड के साथ अचानक दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी देख मौके पर हड़कंप मच गया।

तलाशी के दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस सीधे काउंटर तक जा पहुंची, जहां चार पारदर्शी डिब्बियों में 41.02 ग्राम अफीम और दो थैलियों में 267 ग्राम डोडा चूरा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से ढाबा मालिक, 51 वर्षीय देवीलाल अहीर को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ढाबे पर आने वाले ग्राहकों की मांग पर उन्हें छोटी-छोटी पुड़ियों में नशा सप्लाई करता था। धीरे-धीरे मुनाफे के लालच में उसने ढाबे को नशे का अड्डा बना दिया था।

थानाधिकारी भगवान लाल ने बताया कि आरोपी के पास इन मादक पदार्थों को रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने नशीले पदार्थों को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस की जांच इस बात पर टिकी है कि हाईवे के इस ढाबे तक नशे की यह खेप कहाँ से पहुंच रही थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन से बड़े तस्कर शामिल हैं। हाईवे पर इस तरह की कार्रवाई से अन्य अवैध कारोबारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Spread the love