जोधपुर। मारवाड़ क्षेत्र की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित “मारवाड़ का गौरव–2026” समारोह में सिरोही के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश खराड़ी को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके प्रभावी प्रशासन, जनसेवा के प्रति समर्पण और सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली का प्रमाण है। कार्यक्रम 29 अप्रैल को मारुगढ़ रिसोर्ट में आयोजित हुआ।जनजाति पृष्ठभूमि से निकलकर चिकित्सा शिक्षा हासिल करने वाले डॉ. खराड़ी ने दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी। आमजन से सीधा जुड़ाव उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता रही है।एनीमिया नियंत्रण के लिए चलाए गए FCM (Ferric Carboxymaltose) अभियान को उन्होंने व्यापक स्तर पर लागू किया, जिससे सिरोही जिले में गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के हीमोग्लोबिन स्तर में उल्लेखनीय सुधार दर्ज हुआ। इस पहल से जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला।अवैध चिकित्सा प्रथाओं के खिलाफ भी उनके नेतृत्व में सख्त कार्रवाई हुई। पिछले 15 महीनों में 20 FIR दर्ज कर कई अवैध क्लीनिकों पर ताले लगाए गए, जबकि इससे पहले के पांच वर्षों में केवल 44 मामले ही दर्ज हुए थे। नियमित निरीक्षण, छापेमारी, संदिग्ध क्लीनिकों की पहचान और बिना पंजीकरण चिकित्सा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई ने क्षेत्र में नीम हकीमों पर प्रभावी रोक लगाई और आमजन का भरोसा मजबूत किया।खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने सख्ती दिखाई।
वर्ष 2025 में 15.55 लाख रुपए और 2026 में अब तक 5.30 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। उनके कार्यकाल में कुल 20.85 लाख रुपए का दंड लगाया जा चुका है। इसके पीछे लगातार निरीक्षण, सैंपलिंग अभियान, मिलावटखोरी पर कार्रवाई और त्योहारों के दौरान विशेष जांच अभियान जैसे प्रयास शामिल रहे, जिससे आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में सफलता मिली।मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए 21 मई 2025 को शिवगंज जिला अस्पताल में लावारिस अवस्था में मिली एक वृद्ध महिला की उन्होंने तत्काल देखभाल सुनिश्चित करवाई। सूचना प्रसारित होने के बाद महिला के परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। यह घटना उनकी संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण है।डॉ. खराड़ी को समय-समय पर कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया है। वर्ष 2015 में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में तत्कालीन गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया द्वारा सम्मान, 2025 में स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्य मंत्री ओटाराम देवासी द्वारा सम्मान, कोविड-19 काल में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला प्रशासन और राज्य स्तर पर प्रशंसा, विश्व स्वास्थ्य दिवस और हेपेटाइटिस दिवस पर राज्य स्तरीय सम्मान सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार शामिल हैं।समारोह में मुख्य अतिथि लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, अतिथि सुचित भंडारी, सुमित मोदी (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) और अजय सैनी (यूनिट हेड) मौजूद रहे।डॉ. दिनेश खराड़ी का कार्य यह साबित करता है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति के साथ संवेदनशीलता जुड़ जाए तो स्वास्थ्य सेवाओं में वास्तविक बदलाव संभव है। “मारवाड़ का गौरव–2026” सम्मान उनके इसी समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का प्रतीक है।
