पूर्व सरपंच पर दिनदहाड़े हमला करने की कोशिश, गर्दन पर चाकू रखकर भागे बदमाश


भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के मोखुंदा में रविवार को दिनदहाड़े बड़ी वारदात टल गई। गांव में जैन मंदिर के पास स्थित अपने घर पर आराम कर रहे पूर्व सरपंच कजोडीमल गन्ना पर 4 अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की।जानकारी के अनुसार बदमाश अचानक घर में घुसे और कजोडीमल गन्ना की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसी दौरान बाहर किसी के आने की आहट सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में अन्य परिजन मौजूद नहीं थे। पोते सूरत गए हुए थे, जबकि बड़ा बेटा प्रकाश चंद्र गन्ना भी बाहर गया हुआ था। घर खाली देखकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।इस दौरान जैन मंदिर के पुजारी जगदीश ओर दिलीप सोनी ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और तेलीखेड़ा रोड पर दो आरोपियों को पकड़ भी लिया, लेकिन दोनों आरोपी हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, आरोपियों की मोटरसाइकिल को मौके से जब्त कर लिया गया, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।घटना के बाद मोखुंदा चौकी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि जिस मोहल्ले में वारदात हुई, वहां करीब 15-20 मकान आबाद हैं, इसके बावजूद बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए।

Spread the love