
उदयपुर। नेशनल हाईवे-48 पर स्थित पीपली-अ गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सोप स्टोन पाउडर से भरे एक चलते ट्रक में जोरदार धमाका हुआ और उसकी डीजल टंकी फट गई। धमाका इतना तेज था कि देखते ही देखते ट्रक आग के गोलों में तब्दील हो गया। गनीमत यह रही कि हादसा एक पेट्रोल पंप के ठीक सामने हुआ, लेकिन समय रहते ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शी पेट्रोल पंप कर्मचारी मोड सिंह के अनुसार, ट्रक जैसे ही पंप के सामने पहुंचा, उसमें से आग की ऊंची लपटें निकलने लगीं और जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही ऋषभदेव थाना पुलिस से एएसआई अनिल मीणा और उनकी टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर ट्रैफिक रुकवाया। काफी मशक्कत के बाद दमकल की मदद से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बनी रही। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण डीजल टैंक का फटना बताया जा रहा है, हालांकि टैंक में धमाका किन कारणों से हुआ, इसकी पुलिस बारीकी से तफ्तीश कर रही है। आग बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से ट्रक को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया।
