उदयपुर में सेन समाज का कलेक्ट्रेट पर हल्ला बोल, जयपुर में व्यवसायी की संदिग्ध मौत पर भड़का आक्रोश, सरकार से की न्याय की मांग

उदयपुर। जयपुर में सैलून व्यवसायी अभिषेक सेन की संदिग्ध मौत के मामले को लेकर मंगलवार को झीलों की नगरी उदयपुर में सेन समाज का जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर जुटना शुरू किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। समाज का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि रंजिश के चलते की गई हत्या है, जिसे पुलिस दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पुलिस प्रशासन और सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बीते 4 अप्रैल को अभिषेक सेन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन मामले को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई। झोटवाड़ा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए समाज के लोगों ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आज तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे पूरे प्रदेश के सेन समाज में भारी रोष व्याप्त है।

हंगामे और प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और हत्या के दोषियों को तत्काल सलाखों के पीछे भेजा जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल देने के लिए मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी पुरजोर मांग उठाई गई। समाज के पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया और आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।

Spread the love