
जयपुर – भष्ट्राचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बेंगलुरु पुलिस की महिला एसआई और 2 हेड कॉन्स्टेबल को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। तीनों पुलिसकर्मी दहेज केस की जांच के लिए जयपुर आए थे। इस दौरान केस में कार्रवाई नहीं करने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी।
एसीबी की टीम ने रविवार सुबह होटल गणगौर में घेराबंदी कर तीनों पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बेंगलुरु के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) पुलिस स्टेशन में तैनात SI अनीथा, हेड कॉन्स्टेबल यतीश कुमार और हेड कॉन्स्टेबल उल्वप्पा शामिल हैं।
कार्रवाई नहीं करने के बदले मांगी रिश्वत
एएसपी भूपेन्द्र सिंह ने बताया- जयपुर निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार को एसीबी में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि मेरी बहू ने बेंगलुरु में दहेज का मामला दर्ज कराया था। इस मामले की जांच के लिए दोपहर में बेंगलुरु पुलिस की टीम घर आई थी। जांच के बाद लौटते समय पुलिसकर्मियों ने दहेज मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी।
इन पुलिसकर्मियों ने रविवार सुबह वापसी की फ्लाइट होने की बात कही और जल्द रुपयों की व्यवस्था करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने फिलहाल 40 हजार रुपए की व्यवस्था होने की बात कही। इस पर पुलिसकर्मियों ने रविवार सुबह होटल में 40 हजार रुपए देने के लिए कहा और बाकी 1.60 लाख रुपए बाद में बेंगलुरु आकर देने के लिए कहा।
होटल में रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया
एएसपी ने बताया- शिकायत मिलने के बाद शनिवार रात को रिश्वत की मांग का सत्यापन किया और पुलिसकर्मियों को ट्रैप करने की योजना बनाई। रविवार सुबह शिकायतकर्ता को 40 हजार रुपयों के साथ विधायकपुरी स्थित होटल गणगौर भेजा गया। जैसे ही उन पुलिसकर्मियों ने रुपए लिए, एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
महिला एसआई की बिगड़ी तबीयत
एएसपी भूपेन्द्र सिंह ने बताया- रिश्वत लेते गिरफ्तार होने पर महिला SI अनीथा की तबीयत बिगड़ गई। एसीबी की टीम ने तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई। जांच में सामने आया कि महिला SI अनीथा को ब्लड प्रेशर (BP) है, जिसके कारण तबीयत बिगड़ गई थी।
