
उदयपुर. उदयपुर जिले की पाटिया थाना पुलिस ने एक स्कॉर्पियो को पकड़ा है। इस गाड़ी में शराब के कार्टन इतनी चालाकी से छिपाकर ले जाए जा रहे थे कि बाहर से देखने पर किसी को शक न हो।
पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को भी दबोचा है, जो गुजरात के ही रहने वाले हैं और वहां शराब की सप्लाई करने जा रहे थे।यह पूरी कार्रवाई उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत हुई। पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में शराब भरकर गुजरात सीमा पार कराने की तैयारी है।
सूचना मिलते ही पाटिया थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राव ने टीम के साथ जाल बिछाया। पुलिस ने कनबई गांव के पास नला रोड तिराहे पर नाकाबंदी की और आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की बारीकी से जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस को सामने से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने जैसे ही गाड़ी को रुकने का इशारा किया, ड्राइवर और उसका साथी घबरा गए।
पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो दंग रह गई। लग्जरी गाड़ी के भीतर सीटों के नीचे और पीछे के खाली हिस्सों में शराब के कार्टन ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। गिनती करने पर कुल 46 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 35 कार्टन बीयर और 11 कार्टन अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब थी।
बाजार में इस शराब की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है, वहीं जब्त स्कॉर्पियो की कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से पंकज कुमार कटारा और विक्की कुमार शिवाजी खराडी को गिरफ्तार किया है।
ये दोनों आरोपी गुजरात के साबरकांठा और अरावली जिले के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि ये तस्कर राजस्थान से सस्ती शराब लेकर गुजरात जैसे ड्राई स्टेट में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
फिलहाल पुलिस इन आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि इस पूरे सिंडिकेट के लोगों तक पहुंचा जा सके।
