अजमेर। अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शांति भंग की आशंका के तहत हिरासत में लेकर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश राघानी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अमरदीप कॉलोनी निवासी वरिष्ठ नागरिक दिनेश पाराशर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने 13 अप्रैल को सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी वाली पोस्ट साझा की थी।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि घर के बाहर खड़े वाहनों और एफआईआर दर्ज करने के आदेश से जुड़े एक मामले को लेकर आरोपी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ भी सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
शिकायत के आधार पर क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और रविवार को नरेश राघानी को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का जेएलएन अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक होने पर अन्य कानूनी धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
