उदयपुर। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सूरजपोल क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दुकानों के बाहर फुटपाथ और सार्वजनिक जगह पर रखा अवैध सामान जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान, बोर्ड और अन्य सामग्री को हटाकर अपने कब्जे में लिया। इसके साथ ही गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। निगम की कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग और दुकानदार मौजूद रहे।

अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। निगम के दस्ते ने सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए सड़क और पैदल चलने वालों के लिए जगह खाली कराई।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस प्रशासन का जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहा। पुलिस की मौजूदगी में निगम की टीम ने सामान जब्त कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
नगर निगम की लगातार दूसरे दिन की कार्रवाई से शहर में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और व्यापारियों में खलबली मची हुई है। आने वाले दिनों में शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।
