कानोड़। उदयपुर जिले की कानोड़ नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में आए परिणाम के बाद गुरुवार को शहर में विजय जुलूस निकाला गया। पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत के नेतृत्व में निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।
विजय जुलूस दोपहर करीब 2 बजे कानोड़ बस स्टैंड से शुरू हुआ और नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। रास्ते में कई जगह स्थानीय लोगों ने विजयी प्रत्याशियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जुलूस के दौरान पूरे शहर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

कानोड़ नगर पालिका में कुल 20 वार्ड हैं। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों ने 14 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 6 वार्डों में सफलता मिली। इसके बाद कांग्रेस की ओर से रौनक स्वर्णकार को अध्यक्ष और दिलीप सिंह सोलंकी को उपाध्यक्ष चुना गया।
विजय जुलूस के दौरान पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने कहा, “भींडर मेरा अभिमान है, कानोड़ मेरा स्वाभिमान है।” उनके इस बयान के बाद समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानोड़ थाना प्रभारी भंवरलाल माली के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी पूरे जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
विजय जुलूस के नगर पालिका परिसर पहुंचने के बाद शाम 5:15 बजे नवनिर्वाचित अध्यक्ष रौनक स्वर्णकार और उपाध्यक्ष दिलीप सिंह सोलंकी का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद नगर पालिका परिसर में सभा हुई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत के साथ कानोड़ चुनाव प्रभारी श्यामलाल आमेटा, पूर्व प्रधान करण सिंह कोठारी, नगर अध्यक्ष सुभाष रांका, राजेश आमेटा, विंध्यराज सिंह शक्तावत और कुंदन सिंह कच्छेर सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कानोड़ में चुनाव परिणाम के बाद निकले इस विजय जुलूस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह और नए नगर पालिका बोर्ड के प्रति समर्थकों की उम्मीदों को साफ तौर पर सामने रखा।
