उदयपुर में सड़क सुरक्षा की अनूठी पहल, 501 हेलमेट बांटकर दिया सुरक्षित सफर का संदेश

उदयपुर। सड़क हादसों में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर उदयपुर में जागरूकता की एक खास पहल की गई। स्वर्गीय श्रीमती विश्वमोहिनी शर्मा की पुण्यस्मृति में मोहिनी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स एवं एफएम की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत शहर के अलग-अलग इलाकों में 501 हेलमेट वितरित किए गए।

अभियान की शुरुआत गुरुवार को जिला कलेक्ट्री परिसर से हुई। यहां पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के साथ यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।

अभियान के तहत अंबेरी, प्रतापनगर, मादड़ी चौराहा, बालिचा, गोवर्धन विलास, रामपुरा और साइफन सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन स्थानों पर वाहन चालकों को हेलमेट के नियमित इस्तेमाल और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का संदेश दिया गया।

इस अभियान में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), उदयपुर यातायात पुलिस और आधार फाउंडेशन का सहयोग रहा। कलेक्ट्री परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रशासन, यातायात विभाग के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

इस मौके पर मोहिनी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स के चेयरमैन कुलक्षेत्र शर्मा ने कहा कि यह पहल केवल हेलमेट वितरण तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि हेलमेट को केवल चालान या कानून से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि खुद और अपने परिवार की सुरक्षा का साधन समझना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर इस पहल से किसी एक व्यक्ति की जान सुरक्षित होती है और लोगों की सड़क सुरक्षा को लेकर सोच में सकारात्मक बदलाव आता है, तो यही स्वर्गीय श्रीमती विश्वमोहिनी शर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर ट्रैफिक डिप्टी भंवरलाल, गौरव शर्मा, नारायणलाल सहित कई गणमान्य नागरिक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love