बाड़मेर से उदयपुर लाई जा रही 50 लाख की एमडीएमए ड्रग्स जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

उदयपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिरणमगरी थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 470 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त ड्रग्स की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए है। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो कार को भी जब्त किया गया और उसमें सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व वृताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में की गई। हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र चारण और स्पेशल टीम प्रभारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को रुकवाकर उसमें सवार तीन लोगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को 470 ग्राम एमडीएमए मिली, जिसके बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

बाड़मेर से उदयपुर लाने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह ड्रग्स गुढ़ामालानी, बाड़मेर निवासी अरविंद से खरीदकर उदयपुर ला रहे थे। पुलिस अब ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

मामले में प्रकरण संख्या 383/2026 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच भूपालपुरा थानाधिकारी रतन सिंह द्वारा की जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई में मनीष निवासी कूण-सलूम्बर, शंकर निवासी जेवाणा-फतहनगर और नरेश निवासी गोडा, चौहटन-बालोतरा को गिरफ्तार किया है।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि जिले में नशे की तस्करी और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद एमडीएमए की सप्लाई कहां की जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Spread the love