क्लास में ‘क ख ग’ की जगह पका ‘चिकन’, हेडमास्टर ने स्कूल को बनाया ढाबा, बच्चों की छुट्टी कर खुद उड़ाई दावत!

जहां बच्चों के हाथों में कलम और आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने होने चाहिए थे, वहां मास्टर साहब ‘चिकन और टिक्कड़’ का स्वाद लेने में मशगूल थे। गंगापुर सिटी के हिंगोटा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय से एक ऐसी शर्मनाक खबर आई है जिसने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है। यहां के हेडमास्टर अमर सिंह मीणा पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हुए पूरे स्कूल को एक चलते-फिरते ढाबे में तब्दील कर दिया।

मामला तब उजागर हुआ जब स्थानीय ग्रामीणों ने देखा कि स्कूल का समय होने के बावजूद कक्षाओं पर ताले लटके हुए हैं और बच्चों को घर भेज दिया गया है। जब ग्रामीण स्कूल के भीतर दाखिल हुए तो नजारा हैरान करने वाला था। हेडमास्टर साहब बीच परिसर में वीआईपी अंदाज में कुर्सी जमाकर बैठे थे और जिस सरकारी रसोई में गरीब बच्चों के लिए मिड-डे मील बनना चाहिए था, वहां मास्टर साहब के लिए मसालेदार चिकन और स्पेशल टिक्कड़ तैयार किए जा रहे थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि हेडमास्टर ने अपनी मौज-मस्ती के लिए न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि शिक्षा के पवित्र मंदिर को अयाशी का अड्डा बना दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश है और लोगों का कहना है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों की वजह से ही सरकारी शिक्षा व्यवस्था की साख गिर रही है। फिलहाल मामला उच्च अधिकारियों की दहलीज तक पहुंच चुका है और आरोपी हेडमास्टर पर विभागीय गाज गिरना तय माना जा रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस ‘मुर्गा पार्टी’ करने वाले गुरुजी को क्या सबक सिखाता है।

Spread the love