उदयपुर। नगर निकाय चुनाव में दोपहर 1 बजे तक सामने आए मतदान प्रतिशत ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच बड़ा अंतर सामने रखा है। उदयपुर शहर में जहां 38.45 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, वहीं कानोड़ में 56.24 फीसदी और मावली में 67.57 फीसदी मतदाता दोपहर तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो मावली में मतदान का प्रतिशत शहर की तुलना में काफी अधिक रहा। वहीं कानोड़ में भी मतदाताओं की भागीदारी उदयपुर शहर से बेहतर नजर आई। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में उत्साह और जागरूकता देखने को मिल रही है।
मतदान केंद्रों पर ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता सुबह से ही बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, उदयपुर शहर में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही। ऐसे में अब शेष समय में शहर में मतदान प्रतिशत बढ़ाना प्रशासन के साथ-साथ मतदाताओं की जिम्मेदारी भी है।
मावली में 67.57 फीसदी मतदान यह बताता है कि ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। अब सवाल यही है कि गांवों के मतदाताओं से शहर कब जागरूकता की सीख लेगा?
शाम तक मतदान जारी रहने के साथ शहर में भी मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। अंतिम आंकड़े सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।
