भक्ति की डगर पर साथ चलेगा बिनोल, गणेश चतुर्थी से जलझूलनी एकादशी तक होंगे धार्मिक आयोजन

बिनोल। आस्था और भक्ति से जुड़े पर्वों को लेकर बिनोल गांव में तैयारियां शुरू हो गई हैं। चारभुजा मित्र मंडल बिनोल की ओर से गणेश चतुर्थी से लेकर जलझूलनी एकादशी तक धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस दौरान गांव में भजन, सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का माहौल देखने को मिलेगा।

धार्मिक आयोजनों की शुरुआत 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर भव्य भजन संध्या के साथ होगी। पुराने बस स्टैंड से हनुमान गली के अंदर आयोजित होने वाली भजन संध्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की आराधना करेंगे। इस दौरान देर रात तक भक्ति गीतों और भजनों की गूंज सुनाई देगी।

इसके बाद 19 और 20 सितंबर को राम रसोड़े का आयोजन किया जाएगा। भगवान चारभुजा जी के दर्शन के लिए पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की सेवा के लिए बस स्टैंड बिनोल पर भोजन, चाय और नाश्ते की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि यात्रियों की सेवा करना धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

वहीं 22 सितंबर को जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर भगवान श्री चारभुजा जी का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस की शुरुआत चारभुजा जी मंदिर बिनोल से होगी। इसके बाद जलझूलनी एकादशी के तहत भगवान का पावन स्नान कराया जाएगा।

इन धार्मिक आयोजनों को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। गणेश चतुर्थी से जलझूलनी एकादशी तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भक्ति के साथ सेवा और सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिलेगी। चारभुजा मित्र मंडल की ओर से श्रद्धालुओं से इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

Spread the love