
उदयपुर। उदयपुर-कुराबड़ रोड पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा कुराबड़ थाना क्षेत्र के मीठा नीम के पास माल की टूस इलाके में हुआ, जब बलिया का गुड़ा निवासी नंदू बाई अपनी साथी महिला के साथ सड़क किनारे खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उदयपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे नंदू बाई की घटनास्थल पर ही जान चली गई।
हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक शव उठाने से मना कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर कुराबड़, डबोक और प्रताप नगर थाने की पुलिस पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लिखित आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। घायल महिला को उपचार के लिए एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर हैवी लोडिंग वाहन तेज गति से चलते हैं और प्रशासन की ढिलाई के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
