
राजस्थान में तेज सर्दी का दौर जारी है। आज सुबह से जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में हल्के बादल छाए हैं। शीतलहर भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। वहीं, भीलवाड़ा के मांडल में घने कोहरे के कारण बिजली विभाग की बोलेरो आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने और इसी तरह की सर्दी रहने का अनुमान जताया है। शुक्रवार को करौली, पाली, फतेहपुर समेत कई शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है।
तेज सर्दी और हवा के कारण धूप में भी सर्दी से राहत नहीं मिली। शुक्रवार को सबसे ज्यादा ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

भीलवाड़ा जिले में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे और मुख्य सड़कों पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। मांडल थाना क्षेत्र में रेलवे ब्रिज पर ओवरटेक की कोशिश के दौरान बिजली विभाग की एक बोलेरो गाड़ी अपने आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने भी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। दो ट्रकों के बीच फंसने से सरकारी बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि वाहनों की गति कम होने के कारण ड्राइवर सहित दोनों कर्मचारी बाल-बाल बच गए। मामूली चोटें आने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सूचना पर पहुंची मांडल थाना पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
