मदारिया चौखला नीलगर रंगरेज समाज में सदर पद के उपचुनाव की सरगर्मी तेज

RAJSAMAND – मदारिया चौखला नीलगर रंगरेज समाज में इस बार सदर पद के उपचुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। एक वर्ष पूर्व हुए चुनावों में सलीम जी रंगरेज बहुमत से सदर बने थे, लेकिन अस्वस्थता के चलते बीच में ही उनका इंतकाल हो गया। तभी से यह पद रिक्त चल रहा था और अब समाज ने उपचुनाव कराने का निर्णय लिया है।

इस चुनाव में 72 गांवों की रहबरी के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें कांकरोली निवासी अब्दुल करीम रंगरेज, रेलमंगरा निवासी अमीरुद्दीन रंगरेज, कुरज निवासी शब्बीर मोहम्मद रंगरेज और कुंवारियां निवासी इकबाल हुसैन रंगरेज शामिल हैं। समाज के सेक्रेटरी शमसुद्दीन रंगरेज ने बताया कि चुनाव आयोग की निर्वाचन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 14 सितम्बर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया होगी, 2 से 4 बजे तक फॉर्म वापसी का समय तय किया गया है और इसके बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 21 सितम्बर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक रेलमंगरा स्थित दरगाह परिसर में होगा और मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी।

मीडिया प्रभारी मोहम्मद अशरफ रंगरेज मोखुंदा ने समाज बंधुओं से अपील करते हुए कहा कि अगर समाज का हर युवा जुड़ गया तो समाज नई ऊंचाइयों को छू लेगा। उन्होंने आह्वान किया कि चुनावी माहौल में एक-दूसरे को नीचा दिखाने के बजाय शिक्षा पर ध्यान दिया जाए, गरीब परिवारों की मदद की जाए और “सबका साथ, सबका विकास” की राह अपनाई जाए।

Spread the love