उदयपुर। नगर निगम के नए महापौर को लेकर भाजपा में चल रहा मंथन अब अंतिम दौर में पहुंच गया है। बुधवार को महापौर पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी होनी है। इससे पहले पार्टी के भीतर संभावित नाम को लेकर लगातार बैठकों और रायशुमारी का दौर चला।
सूत्रों के हवाले से अब पारस सिंघवी के नाम पर सहमति बनने की चर्चा है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है। पारस सिंघवी वार्ड 24 से भाजपा के निर्वाचित पार्षद हैं और उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की है।
वहीं, डिप्टी मेयर पद को लेकर दिनेश भट्ट के नाम की चर्चा सामने आ रही है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं होता है तो अन्य नामों पर भी विचार किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि इन संभावित नामों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
महापौर पद के लिए इससे पहले दिनेश भट्ट और प्रमोद सामर के नाम प्रमुखता से चर्चा में थे। भाजपा ने अपने 53 निर्वाचित पार्षदों से पसंदीदा नामों को लेकर राय भी ली थी।
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में भाजपा ने 53 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिलीं। ऐसे में अब भाजपा के महापौर प्रत्याशी के नाम पर सभी की नजरें टिकी हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार महापौर पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 16 सितंबर तक है और नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी। महापौर का चुनाव 21 सितंबर को निर्धारित है।
