उदयपुर। शहर में हुई झमाझम बारिश के दौरान उदयपुर कोर्ट परिसर में दीवार का एक हिस्सा गिरने की घटना के बाद जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल बुधवार को कोर्ट परिसर पहुंचे। उन्होंने परिसर में मौजूद जर्जर भवनों और अन्य संवेदनशील स्थानों का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कोर्ट परिसर की व्यवस्थाओं और पुराने व जर्जर भवनों की स्थिति की जानकारी ली। बारिश के बाद सुरक्षा को लेकर परिसर में जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी जानकारी जुटाई गई।
इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष जितेंद्र जैन, पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा सहित बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने कलेक्टर को कोर्ट परिसर में सामने आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही जर्जर भवनों और अन्य संवेदनशील स्थानों को लेकर आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग रखी।
कलेक्टर ने पूरे परिसर का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थिति के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। बारिश के बाद दीवार गिरने की घटना ने कोर्ट परिसर में मौजूद पुराने भवनों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया है।
