उदयपुर। हलवाई व्यापार कल्याण संस्था की ओर से सौ फीट रोड, शोभागपुरा स्थित अशोका ग्रीन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शहर और आसपास के क्षेत्रों व जिलों से जुड़े करीब 300 हलवाई साथियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, हकीमुद्दीन, पूर्णिमा मनोहर, धीरज गुप्ता, मुकेश माधवानी, अनिल जोशी, अनिल वेद, कमल शर्मा, देवीलाल अहीर और विप्र फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पालीवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि हलवाई व्यापारियों का समाज में महत्वपूर्ण योगदान है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने संस्था की एकजुटता को उसकी सफलता का आधार बताया।

संस्था अध्यक्ष हरीश भट्ट ने कहा कि किसी भी आयोजन में भोजन की सफलता या खराबी का पूरा जिम्मा अक्सर हलवाई के सिर डाल दिया जाता है। जबकि भोजन तैयार होने की पूरी प्रक्रिया में कई एजेंसियां और लोग शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि इस परंपरा को बदलने की जरूरत है और भोजन की सफलता-असफलता में शामिल सभी पक्षों की भूमिका को समझना चाहिए।
हरीश भट्ट ने बताया कि संस्था ने शहर या आसपास के क्षेत्र में ‘हलवाई नगर’ की स्थापना के लिए सरकार से करीब 300 बीघा भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रस्तावित हलवाई नगर में हलवाई व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
संस्था के महासचिव मुकेश माधवानी ने बताया कि समारोह में हलवाई कार्य से जुड़े 300 साथियों को उपरना ओढ़ाकर, पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान हलवाई समाज की एकजुटता और व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
