
उदयपुर। झीलों की नगरी के ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। झाड़ोल इलाके के बाघपुरा स्थित पालिया खेड़ा क्षेत्र में आज दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक आदमखोर लेपर्ड ने पहाड़ी से उतरकर बकरियां चरा रही एक महिला पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लेपर्ड ने महिला को दबोचकर उसके गले, हाथ और पैर को बुरी तरह चबा लिया। करीब 2 मिनट तक महिला मौत के साए में रहकर अपनी जान बचाने के लिए लेपर्ड से अकेले संघर्ष करती रही। इसके बाद लेपर्ड महिला को छोड़कर बकरी पर झपट्टा मारकर पास की झाड़ियों में ओझल हो गया।
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना दोपहर करीब ढाई बजे की है, जब 30 वर्षीय ईना पत्नी सूरज डामोर अपनी बकरियों को एनीकट पर पानी पिलाने ले गई थी। नया खोला वन क्षेत्र से चुपके से आए लेपर्ड ने ईना पर तब वार किया जब उसका ध्यान आसपास नहीं था। अचानक हुए इस हमले से ईना बुरी तरह घिर गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और लेपर्ड का मुकाबला करती रही। ईना के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, हमलावर लेपर्ड झाड़ियों में छिप चुका था। लहूलुहान हालत में ग्रामीणों ने ईना को तुरंत झाड़ोल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं। सूचना मिलते ही रेंजर होरीलाल सैनी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एनीकट के पास घने जंगल में लेपर्ड की तलाश शुरू की। हालांकि, लेपर्ड का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिसके बाद विभाग ने उसे पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगा दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस हिंसक वन्यजीव को पकड़ने की मांग की है ताकि क्षेत्र में सुरक्षा बहाल हो सके।
