कानोड़ नगर पालिका में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव की तारीख तय, 21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 को उपाध्यक्ष का चुनाव

कानोड़। उदयपुर जिले की कानोड़ नगर पालिका में निर्वाचित नगर निकाय सदस्यों के बाद अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष पद का चुनाव 22 सितंबर को कराया जाएगा।

अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी।

अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक रहेगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना की जाएगी और इसके बाद निर्वाचन परिणाम घोषित किया जाएगा।

22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव

वहीं, नगर पालिका उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया 22 सितंबर को संपन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। नामांकन पत्र सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जबकि नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से होगी।

अभ्यर्थिता वापस लेने का समय दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

अब कानोड़ नगर पालिका में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज होने की संभावना है। निर्वाचित पार्षदों के बीच बनने वाले समीकरणों पर सभी की नजर रहेगी।

Spread the love