
जयपुर। राजधानी के शास्त्री नगर इलाके में एकतरफा प्यार और सनक का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक देवर ने अपनी ही विधवा भाभी की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। नेहरू नगर की प्रेम बस्ती में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आरोपी अनिल पिछले काफी समय से अपनी भाभी पूनम पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन पूनम के इनकार ने उसकी सनक को खूनी अंजाम तक पहुँचा दिया।
घटना की जड़ें पांच साल पहले पूनम के पति लक्की कटारिया की मौत से जुड़ी हैं। पति की मौत के बाद पूनम अपने दो बेटों (13 और 8 साल) के पालन-पोषण के लिए घरों में काम कर रही थी। परिवार के अनुसार, शुरुआत में सास ने ही पूनम की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को देखते हुए देवर अनिल के साथ उसकी शादी का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, पूनम ने स्पष्ट कर दिया था कि वह दोबारा शादी नहीं करना चाहती। जहाँ परिवार अनिल की शराब की लत और झगड़ालू व्यवहार के कारण पीछे हट गया, वहीं अनिल के सिर पर पूनम से शादी करने का भूत सवार हो गया।
परिजनों ने बताया कि अनिल के गलत आचरण और शराब पीकर उत्पात मचाने के कारण करीब एक साल पहले ही उसकी घर में एंट्री बंद कर दी गई थी। बावजूद इसके, वह पूनम को फोन पर धमकाता और पीछा करके परेशान करता रहता था। चौंकाने वाली बात यह है कि अनिल पहले भी पूनम पर जानलेवा हमला कर चुका था, लेकिन तब वह बच गई थी। गुरुवार को जब पूनम घर पर थी, तब अनिल ने मौका पाकर उस पर फिर से हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। शास्त्री नगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी अनिल को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर उसने इस खौफनाक वारदात को कैसे और किसके सहयोग से अंजाम दिया।
