PAL PAL RAJASTHAN/ PAVAN VAISHNAV
राजसमंद । आमेट थाना पुलिस ने जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रभुलाल गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
घटना 21 अप्रैल 2025 की सुबह 8:30 बजे की है जब ओड़ा गुजरान निवासी ओगु जी गुर्जर (50) ने अपने परिवार के विवाद को शांत करने की कोशिश की थी। इस दौरान आरोपी प्रभुलाल गुर्जर ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह गिर पड़े और चोट के चलते उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर आमेट थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस ने राजस्थान के साथ गुजरात, उज्जैन, कपासन और चित्तौड़गढ़ तक दबिश दी।
तकनीकी निगरानी और निरंतर प्रयासों के बाद आरोपी को 9 जुलाई को देवमाली (मसूदा, ब्यावर) स्थित मंदिर परिसर से गिरफ्तार किया गया, जहां वह एक टेंट में छिपा हुआ था। आरोपी की बिना नंबर प्लेट वाली मारुति जेन कार और घटना के समय पहने हुए जूते भी बरामद किए गए हैं।
प्रभुलाल ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
