केंद्रीय मंत्री बोले-पाकिस्तान जा रहा सिंधु का पानी रोका जाएगा:केंद्र सरकार ने तैयार की डीपीआर; राजस्थान समेत 4 राज्यों को मिलेगा फायदा

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा- सिंधु नदी का पानी पाकिस्तान को नहीं दिया जाएगा। पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को रोककर भारत के हित में उपयोग किया जाएगा। इस पानी का लाभ हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली को मिलेगा।

उन्होंने कहा- इसे लेकर केंद्र सरकार की ओर से कार्य योजना तैयार की जा रही है। पाकिस्तान जाने वाले पानी को डायवर्ट करने के लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है। हालांकि, जो पानी मजबूरी में छोड़ा जाता है, उस पर उन्होंने कोई बयान नहीं दिया।

पाटिल ने यह भी बताया कि यमुना जल परियोजना पर काम तेज किया जाएगा, ताकि पानी के बेहतर प्रबंधन और उपयोग से राज्यों को ज्यादा लाभ मिल सके। केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को जयपुर में बीजेपी मुख्यालय में मीडिया से ये बात कही।
12 सालों में स्थिर गति से आगे बढ़ी भारत की अर्थव्यवस्था देश की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा- पिछले 12 सालों में भारत की अर्थव्यवस्था स्थिर गति से आगे बढ़ी है। सरकार ने महंगाई को नियंत्रण में रखा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पर भी निशाना साधा।

पाटिल ने कहा- वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री होने के बावजूद अपने कार्यकाल में भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक रैंकिंग में 10–11वें स्थान से आगे नहीं ले जा सके, जबकि आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। कर सुधारों का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

यमुना जल परियोजना पर जल्द शुरू होगा काम यमुना जल परियोजना को लेकर केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा- यमुना के पानी पर राजस्थान का अधिकार था, लेकिन पिछली सरकारों ने इस दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए। अब हरियाणा और राजस्थान सरकार के बीच डीपीआर तैयार करने पर सहमति बन चुकी है। जल्द ही इस परियोजना पर काम शुरू होगा।

उन्होंने बताया- पाइपलाइन के जरिए पानी लाने की इस योजना की अनुमानित लागत 77 हजार करोड़ से 1 लाख करोड़ रुपए तक हो सकती है। फिलहाल सबसे कम पानी राजस्थान के पास है, लेकिन आने वाले समय में सबसे अधिक पानी राजस्थान के पास होगा। मुख्यमंत्री इस मुद्दे को लेकर लगातार केंद्र से संवाद कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।

Spread the love