बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से करीब 65 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित रूप से इन नकली नोटों को बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मुख्य सरगना की तलाश जारी है।


श्रीडूंगरगढ़ थाना प्रभारी कश्यप सिंह राघव के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद कालू रोड पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बैग के अंदर 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। जांच करने पर पता चला कि सभी नोट नकली थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गड्डियों के ऊपर और नीचे एक-एक असली नोट लगा रखा था, ताकि पूरी गड्डी असली प्रतीत हो और आसानी से लोगों को धोखा दिया जा सके। बरामद नकली नोटों की कुल अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।


इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र उर्फ मनोज पुत्र सीताराम गोदारा (निवासी धोलिया) और ओमप्रकाश पुत्र विजयपाल नैण (निवासी जेतासर) के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली नोट कहां से लाए गए तथा किन क्षेत्रों में इन्हें चलाने की योजना थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती पूछताछ में संकेत मिले हैं कि इसके पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है। इस नेटवर्क का मुख्य सरगना अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जांच के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।

उधर, राजधानी जयपुर में भी नकली नोटों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक इनामी बदमाश को पकड़ते हुए नकली नोटों की 14 गड्डियां बरामद की हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रदेश में नकली मुद्रा के नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
