गोगुंदा (उदयपुर)। उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोर मकान के ताले तोड़कर अलमारी में रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। यह घटना गोगुंदा थाना क्षेत्र के नरसिंह दास जी का गुड़ा गांव में वीरेंद्र सिंह मोजावत के घर पर हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चोरों की तलाश में जुट गई है।
सूरत में रहता है परिवार, सूना था मकान
पीड़ित वीरेंद्र सिंह मोजावत ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वे मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं, लेकिन फिलहाल अपने धंधे के सिलसिले में गुजरात के सूरत शहर में रहते हैं। इस वजह से उनका गांव वाला मकान पिछले कुछ समय से सूना पड़ा हुआ था। सोमवार सुबह वीरेंद्र सिंह के पास उनके अंकल भंवर सिंह राजपूत का फोन आया। भंवर सिंह ने उन्हें जानकारी दी कि उनके गांव वाले मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और कुंडी बाहर लटकी है। घर का ताला टूटने की खबर मिलते ही वीरेंद्र सिंह तुरंत सूरत से अपने गांव नरसिंह दास जी का गुड़ा पहुंचे।

कमरों में बिखरा पड़ा मिला सामान
जब पीड़ित वीरेंद्र सिंह अपने घर के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। चोरों ने घर के कमरों और अलमारियों के ताले बेरहमी से तोड़ रखे थे। अलमारियों में रखे कपड़े और सारा सामान पूरे कमरों में बिखरा पड़ा था। चोरों ने पूरे घर को खंगालते हुए सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था।
2 लाख रुपये से अधिक की चोरी
पीड़ित ने जब सामान की जांच की तो पता चला कि चोर अलमारी में रखे करीब आधा तोला सोने की रखड़ी और एक तोला सोने की चेन ले गए हैं। इसके अलावा शादी-ब्याह में मिले शगुन के लिफाफों में रखी नकदी, करीब दस हजार रुपये के चिल्लर (सिक्के) और आधा किलो चांदी की पायजेब भी गायब थी। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 2 लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर ले गए हैं।

पुलिस जांच में जुटी
घर में चोरी की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से आवश्यक साक्ष्य (फिंगरप्रिंट्स व अन्य सबूत) जुटाए। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
