जयपुर में थार ने 4 वाहनों को मारी टक्कर:मोबाइल पर बात करते हुए हुआ हादसा, विधानसभा के सामने की घटना

जयपुर में विधानसभा के सामने एक तेज रफ्तार थार ने चार वाहनों को एक साथ टक्कर मार दी, इससे सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, थार चालक मोबाइल फोन पर बात करते हुए गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कुछ गाड़ियां विधानसभा के सामने खड़ी थी जबकि कुछ चल रही थी। वाइट कलर की थार राजस्थान यूनिवर्सिटी की ओर से आ रही थी। लोगों ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और थार को जब्त कर लिया। वहीं पुलिस ने इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को रास्ते से हटवाकर जाम खुलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।मामले की जांच कर रहे कॉन्स्टेबल कैलाश ने बताया कि थार में 2 लोग सवार थे, जिनमें एक युवक भरत और एक महिला शामिल थी। जांच में सामने आया गाड़ी चला रहा युवक भरत अजमेर का रहने वाला है और राजस्थान यूनिवर्सिटी में पड़ता है। जिस गाड़ी को वह चला रहा था वह उसके परिवार की ही है। घटना की सूचना पर थार ड्राइवर का परिवार भी घटनास्थल पर आ गया।

पुलिस ने बताया कि रात के समय विधानसभा – अमर जवान ज्योति के सामने इलाके में मेले जैसा माहौल था और कई लोग रील व वीडियो बना रहे थे। प्रारंभिक तौर पर एक गाड़ी को टक्कर लगी थी, जिस पर आपसी बातचीत के बाद समझौते से वाहन ठीक कराने की सहमति बन गई थी।

ज्योति नगर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर लिया है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

बतादें कि पिछले एक महीने में थार गाड़ी से जुड़े चार हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Spread the love