
डूंगरपुर के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में इंदौर निवासी एक युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना सागवाड़ा बायपास पर हड़माला मोड़ के पास बुधवार रात को हुई, जहां एक कार सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसे में तीन अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, इंदौर के रहने वाले चार दोस्त शांतनु यादव, मोहित मौर्य, यश यादव और पवन अपनी कार से इंदौर से माउंट आबू जा रहे थे। बांसवाड़ा-डूंगरपुर नेशनल हाईवे 927 ए पर सागवाड़ा बायपास स्थित हड़माला मोड़ पर उनकी कार सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप से जा टकराई।
इस भीषण टक्कर में शांतनु यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके तीन दोस्त मोहित मौर्य, यश यादव और पवन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को सागवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक शांतनु यादव के शव को सागवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
