राजस्थान में 3 लाख लोगों की पेंशन रोकी:24 हजार से ज्यादा का बिजली बिल भरने वालों को देंगे नोटिस, आय ज्यादा तो पेंशन रद्द

सरकार ने 3 लाख से ज्यादा लोगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन रोक दी है। सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने 24 हजार से ज्यादा सालाना बिजली बिल भरने वाले पेंशन लाभार्थियों को नोटिस भेजा है। विभाग ने उनकी आय की जांच करवाने के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने तक पेंशन नहीं दी जाएगी।

सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग के प्रमुख सचिव आशीष मोदी ने कलेक्टरों को चिट्ठी लिखी है। इसमें 24 हजार से ज्यादा का सालाना बिजली बिल भरने वाले पेंशनर्स की आय की नए सिरे से जांच करने और तब तक पेंशन रोकने के आदेश दिए हैं। अब इन पेंशनर्स को नोटिस जारी करने की तैयारी है।

अब संबंधित सामाजिक सुरक्षा पेंशन मंजूर करने वाले अधिकारी के स्तर से पेंशन लाभार्थियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उनकी पेंशन के लिए आय पात्रता की गहराई से जांच की जाएगी

आय 48 हजार से ज्यादा मिली तो पेंशन रद्द – जांच में अगर आय 48 हजार सालाना से ज्यादा पाई जाएगी तो उनकी पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी। पेंशन लाभार्थियों की आय अगर 48 हजार या इससे कम पाई जाती है तो रोकी हुई पेंशन फिर से शुरू कर दी जाएगी। इसे लेकर प्रमुख सचिव ने सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं।

Spread the love