पाली। मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका चुनाव का नतीजा आने के महज एक दिन बाद एक दुखद घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 7 से निर्दलीय पार्षद चुने गए अबरार खान मेव (58) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। चुनाव जीतने के बाद उनके घर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अबरार खान घर पर चाय पी रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। परिवार और मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया। करीब 9 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अबरार खान की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक खुशवीर सिंह जोजावर भी बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को चुनाव जीतने के बाद उन्होंने अबरार खान को बधाई दी थी और उनका मुंह भी मीठा करवाया था।
🗳️ बोर्ड गठन के गणित पर असर
मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। सोमवार को घोषित चुनाव परिणाम में भाजपा ने 11 और कांग्रेस ने भी 11 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि 3 वार्ड निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में गए।
ऐसे में बोर्ड बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों को निर्दलीय पार्षदों के समर्थन की जरूरत थी। अब निर्दलीय पार्षद अबरार खान के निधन से बोर्ड गठन का सियासी गणित भी बदल गया है।
अबरार खान क्षेत्र में कोयले के बड़े व्यापारी होने के साथ-साथ मुस्लिम समाज के सदर भी थे। वे पहले वार्ड पंच की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। मारवाड़ जंक्शन के पहली बार नगरपालिका बनने के बाद हुए इस चुनाव में उनकी जीत के अगले ही दिन हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
