उदयपुर के ऋषभदेव CHC में नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट, घायल के 4 अटेंडेंट पर लात-घूंसों से पीटने का आरोप; CCTV में कैद हुई घटना

उदयपुर। ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक्सीडेंट में घायल दो मरीजों के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर उनके साथ आए चार युवकों द्वारा नर्सिंग स्टाफ से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए नर्सिंग ऑफिसर के साथ गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों से जमकर मारपीट कर दी। पूरी घटना अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मारपीट में नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र डामोर के चेहरे पर चोट आने की बात सामने आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके साथी नर्सिंग ऑफिसर रामकृष्ण डोडा के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

एक्सीडेंट के बाद CHC लाए गए थे दो घायल

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार रात हाईवे पर एक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में राकेश पुत्र हीरालाल और लालूराम पुत्र जगदीश घायल हो गए थे। दोनों को इलाज के लिए ऋषभदेव CHC लाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया।

कुछ देर बाद घायलों के साथ आए चार युवक अस्पताल पहुंचे। नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र डामोर का आरोप है कि चारों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने मरीजों के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग स्टाफ के साथ बहस शुरू कर दी।

समझाने पर भी नहीं माने, फिर शुरू कर दी मारपीट

आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने पुष्पेंद्र डामोर तथा उनके साथी नर्सिंग ऑफिसर रामकृष्ण डोडा के साथ मारपीट शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में भी मारपीट की घटना रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। फुटेज में आरोपी नर्सिंग स्टाफ के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं।

डॉक्टर ने पुलिस को दी सूचना

अस्पताल में हंगामा और मारपीट होता देखकर डॉ. जयेश कलाल तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए थाने की तरफ दौड़े। इस दौरान अस्पताल स्टाफ ने आरोपियों को रोककर रखा।

पुष्पेंद्र डामोर के अनुसार, चारों आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक उन्हें पकड़ लिया गया। इसके बाद चारों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

नर्सिंग ऑफिसर ने दर्ज कराया मामला

पीड़ित नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र डामोर ने बुधवार रात ही ऋषभदेव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उन्होंने अपने और साथी नर्सिंग ऑफिसर के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।

पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और अस्पताल के CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। इलाज में लापरवाही का आरोप सही है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की घटना ने स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love