सेंट पॉल्स स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यशाला, बच्चों को अपहरण और साइबर सुरक्षा से बचाव के बताए तरीके

राजसमंद। रीको एरिया स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों में कानूनी जानकारी और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ अभियान के तहत किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट, राजसमंद ज्योति शर्मा रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपहरण से बचाव और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनजान लोगों से अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। बाहर जाते समय अभिभावकों के साथ अपनी लोकेशन शेयर करनी चाहिए और किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु या कोई अन्य सामान नहीं लेना चाहिए।

ज्योति शर्मा ने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी और जरूरत पड़ने पर उनका सही तरीके से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में साइबर सुरक्षा पर भी विशेष चर्चा हुई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचने के लिए सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही मानसिक रूप से मजबूत रहने के लिए नियमित ध्यान और योग करने की सलाह दी गई।

विद्यालय प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने बताया कि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया और कानूनी एवं सामाजिक विषयों को लेकर गहरी रुचि दिखाई।

विद्यालय प्रबंधन ने राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण और मुख्य वक्ता ज्योति शर्मा का इस ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यशाला ने विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Spread the love