वल्लभनगर में भाजपा के 16 पार्षदों ने ली शपथ, पहली बार बनेगा भाजपा का बोर्ड

वल्लभनगर। नगर पालिका चुनाव के बाद मंगलवार को वल्लभनगर में भाजपा के 16 नवनिर्वाचित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उपखंड अधिकारी रमेश चंद्र वडेरा ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।

इस अवसर पर वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी ने भाजपा की जीत का श्रेय क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में दिन-रात मेहनत कर पार्टी की जीत में योगदान देने वाले सभी कार्यकर्ता बधाई और धन्यवाद के पात्र हैं।

विधायक डांगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों से जनता का भाजपा पर विश्वास और मजबूत हुआ है। इसी विश्वास का परिणाम है कि वल्लभनगर में पहली बार भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है।

भींडर नगर पालिका चुनाव को लेकर विधायक ने कहा कि भाजपा ने वहां भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन 13-12 के अंतर से बोर्ड बनाने में सफल नहीं हो सकी। उन्होंने माना कि कुछ भाजपा प्रत्याशी जीत के योग्य थे, लेकिन आपसी तालमेल नहीं बन पाने के कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।

डांगी ने कहा कि जनता ने भाजपा को जिस तरह अपना आशीर्वाद दिया है, वह सभी के सामने है। उन्होंने विश्वास जताया कि भींडर की जनता भी भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी रहे हों, क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

16 भाजपा पार्षदों के शपथ लेने के साथ ही वल्लभनगर नगर पालिका में भाजपा के पहली बार बोर्ड बनाने का रास्ता साफ हो गया है।

Spread the love