नगरीय निकाय चुनाव: मतदान दल रवाना, तीन निकायों में आज होगा मतदान

200 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, 15 आरक्षित दल समेत 80 मतदान दल संभालेंगे मोर्चा

उदयपुर। नगरीय निकाय चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान को लेकर निर्वाचन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार में मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के बाद प्रथम चरण के लिए गठित मतदान दल अपने-अपने निर्धारित नगरपालिका मुख्यालयों के लिए रवाना हुए।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक हनुमानमल ढाका और जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय को प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को उनके आवंटित नगरपालिका मुख्यालयों के लिए रवाना किया गया। मतदान सामग्री का वितरण संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर बनाए गए चिह्नित वितरण एवं संग्रहण केंद्रों से किया जाएगा।

उदयपुर जिले में प्रथम चरण के तहत वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ में बुधवार को मतदान होगा। इसके लिए 15 आरक्षित दलों सहित कुल 80 मतदान दल रवाना किए गए हैं। प्रत्येक मतदान दल में चार कार्मिक शामिल हैं।

200 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए 200 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा कर्मी भी मतदान दलों के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।

निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रथम चरण के मतदान को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का लक्ष्य जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान कराना है।

Oplus_16908288
Spread the love