नगर निगम चुनाव में BJP का मेगा शो, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज करेंगे रोड शो

उदयपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर में सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। भाजपा के लिए प्रतिष्ठा बने इस चुनाव में पार्टी ने बड़ा दांव खेलते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा है। करीब तीन दशक से नगर निगम बोर्ड पर काबिज भाजपा के सामने इस बार अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखने की चुनौती है।

इसी बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज शाम 5 बजे उदयपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन के बाद सूरजपोल चौराहे से मेगा रोड शो शुरू होगा। रोड शो की शुरुआत महापुरुष की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की जाएगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सूरजपोल से बापू बाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक पहुंचेगा। रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

भाजपा इस रोड शो के जरिए एक तरफ शक्ति प्रदर्शन करेगी, तो वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं में जोश भरने और नगर निगम चुनाव के माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेगी। मुख्यमंत्री के रोड शो को भाजपा के चुनावी अभियान के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उदयपुर नगर निगम पर लंबे समय से भाजपा का कब्जा रहा है। ऐसे में इस चुनाव में पार्टी के सामने अपनी सत्ता और राजनीतिक प्रभाव को बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। मुख्यमंत्री का रोड शो इसी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री के मेगा रोड शो पर टिकी हैं। देखना होगा कि भजनलाल शर्मा का यह रोड शो उदयपुर के चुनावी रण में भाजपा के लिए कितना बड़ा गेमचेंजर साबित होता है।

Oplus_16908288
Spread the love