उदयपुर। देश की सबसे बड़ी और दुनिया की अग्रणी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के तीसरे संस्करण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए विशेष रूप से डिजाइन किया गया जिंक फिनिशर मेडल लॉन्च किया। 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली एआईएमएस प्रमाणित इस प्रतिष्ठित मैराथन के लिए अब तक 7,000 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि रजिस्ट्रेशन का क्रम लगातार जारी है।
हिंदुस्तान जिंक द्वारा आयोजित इस मैराथन में इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के लिए 3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। साथ ही दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को विशेष रूप से तैयार किया गया जिंक फिनिशर मेडल प्रदान किया जाएगा।
मैराथन का यह फिनिशर मेडल उदयपुर की पहचान और क्षेत्र की समृद्ध खनन विरासत को दर्शाता है। वर्ष 2026 का यह विशेष मेडल हिंदुस्तान जिंक की माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित डिजाइन पर आधारित है, जो कंपनी की औद्योगिक विरासत और शहर की पहचान को प्रदर्शित करता है।
मैराथन में प्रतिभागियों के लिए तीन श्रेणियां रखी गई हैं, जिनमें 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में पेशेवर और शौकिया धावकों के अलावा कॉर्पोरेट टीमें, फिटनेस समूह, परिवार और पहली बार भाग लेने वाले रनर्स भी हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने देश की सबसे खूबसूरत मैराथनों में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह आयोजन उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता को हजारों धावकों के उत्साह, ऊर्जा और फिटनेस के जुनून के साथ जोड़ता है। उन्होंने कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुकी है।
