उदयपुर। उदयपुर शहर के सवीना थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 344 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इलाके में गांजे की पुड़िया बनाकर सप्लाई करने का काम करता था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नशे के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को डाकन कोटड़ा मेन रोड क्षेत्र में अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और एक संदिग्ध व्यक्ति को घेरकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 344 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान वेला (51) पुत्र स्वर्गीय लिम्बा, निवासी मेन रोड डाकन कोटड़ा के रूप में हुई। आरोपी के पास गांजे के परिवहन एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों तक सप्लाई करता था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि वह गांजा कहां से लाता था और शहर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।
सवीना थाना पुलिस अब मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस का कहना है कि विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
