क्रिकेट के मैदान में ‘जंग’, मुस्तफिजुर को निकाला तो बांग्लादेश ने IPL प्रसारण पर लगाया बैन, भारत में वर्ल्ड कप खेलने से भी किया इनकार!

KKR से मुस्तफिजुर की छुट्टी के बाद बांग्लादेश का पलटवार

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट के मैदान से शुरू हुआ विवाद अब राजनयिक स्तर पर पहुँच गया है। बांग्लादेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। वहां के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह कदम बीसीसीआई (BCCI) द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम से बाहर करने के विरोध में उठाया गया है।

मुस्तफिजुर को हटाने पर भड़का बांग्लादेश बांग्लादेश सरकार ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बीसीसीआई ने 26 मार्च से शुरू होने वाले आईपीएल सीजन के लिए मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्णय बिना किसी ठोस या तार्किक कारण के लिया है। मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला बांग्लादेश की जनता के लिए अपमानजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। इसी के विरोध में बांग्लादेश में आईपीएल के मैचों के प्रचार, प्रसारण और पुनः प्रसारण पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है।

हिंदुओं पर हिंसा और BCCI का कड़ा रुख दरअसल, इस विवाद की जड़ें बांग्लादेश में हो रही सांप्रदायिक हिंसा से जुड़ी हैं। पिछले 16 दिनों में बांग्लादेश में 4 हिंदुओं की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से हटाने की मांग तेज हो गई थी। इसी दबाव और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए 3 जनवरी को बीसीसीआई ने शाहरुख खान की टीम केकेआर को निर्देश दिया कि वे मुस्तफिजुर को टीम से बाहर करें। बीसीसीआई के इसी कड़े रुख से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) नाराज है।

वर्ल्ड कप में भी अड़ंगा, टीम भेजने से इनकार विवाद यहीं नहीं थमा, रविवार 4 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक और बड़ा एलान करते हुए टी-20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया। बीसीबी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से आधिकारिक अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के सभी मैच भारत के बजाय श्रीलंका में आयोजित किए जाएं। खेल जगत में इस फैसले को भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों में अब तक की सबसे बड़ी दरार के रूप में देखा जा रहा है।

Spread the love